आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की हार का सिलसिला जारी है। रविवार को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ हुए मुकाबले में पंजाब को 23 रन से हार का सामना करना पड़ा। यह पंजाब की सीजन की लगातार छठी हार थी और इस हार ने टीम के प्लेऑफ में पहुंचने के सपने को कहीं न कहीं धुंधला कर दिया है।
मैच के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "उन्होंने बहुत अच्छी शुरुआत की और पावरप्ले के ठीक बाद भी गेंदबाजों पर अटैक किया। मुझे लगता है कि 222 रन बनाना बेहतरीन प्रदर्शन था। हम ज्यादा विकेट नहीं ले पाए, लेकिन हां, मुझे लगता है कि मैच पावरप्ले में ही हार गए थे।"
पंजाब किंग्स ने 223 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत में ही 3 विकेट सिर्फ 19 रन पर खो दिए थे। इस पर श्रेयस अय्यर ने कहा, "हमारे ज्यादातर रन बनाने वाले खिलाड़ी प्रभसिमरन और प्रियांश थे। पावरप्ले में वे हमें जैसी शुरुआत देते थे, जाहिर है, इस बार हम वैसी शुरुआत नहीं कर पाए और मैं भी जल्दी आउट हो गया, जो निराशाजनक था। शशांक और स्टोइनिस ने बीच के ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी की। मुझे लगता है कि हम लगभग 10 रन प्रति ओवर की गति से चल रहे थे, लेकिन लक्ष्य से थोड़ा पीछे रह गए।"