बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई 2 टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज 2-0 से जीत ली है। अपने घर में पाकिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश की यह पहली टेस्ट सीरीज जीत है। दूसरा टेस्ट जीतने के बाद बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने कहा कि हम भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ घर में और उनकी जमीन पर टेस्ट सीरीज खेलना चाहते हैं।
मैच के बाद मीडिया से बात करते हुए शांतो ने कहा, "हम अब ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, और भारत के साथ घर और बाहर ज्यादा टेस्ट खेलना चाहते हैं। जब हमें मैच खेलने का मौका मिलता है, जब हमें वे नए अनुभव मिलते हैं, तो टीम धीरे-धीरे बनती है। नहीं तो, बार-बार एक ही टीम के साथ खेलने, एक ही हालात में खेलने से टीम बनाने में मुश्किल होती है।"
बांग्लादेश के कप्तान ने कहा, "उम्मीद है कि आईसीसी हमें सभी टीमों के साथ और टेस्ट मैच खेलने का मौका देगी। अब जब हमें और मैच खेलने का मौका मिल रहा है, तो यह एक अच्छी बात है। अगर हम ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, और इंडिया के साथ खेल पाते हैं, तो यह हमारी टीम के लिए बेहतर होगा। एक टेस्ट देश के तौर पर हमें अभी भी बहुत कुछ करना है।"