नीदरलैंड क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। बाबेट डी लीड को टीम की कमान सौंपी गई है, जो उनका पहला बड़ा टी20 टूर्नामेंट होगा। यह टूर्नामेंट 12 जून को इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होगा। नीदरलैंड्स पहली बार इस मल्टी-नेशनल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रहा है, जिसमें कुल 12 टीमें शामिल होंगी।
नीदरलैंड क्रिकेट बोर्ड की तरफ से जारी बयान में बाबेट ने कहा, "हम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में अपनी पहली मौजूदगी को लेकर बहुत उत्साहित हैं। यह दुनिया की बेहतरीन टीमों के साथ मुकाबला करने और बड़े मंच पर नीदरलैंड्स के टैलेंट को दिखाने का एक शानदार मौका होगा। चूंकि टी20 वर्ल्ड कप हमारे घर के पास, इंग्लैंड में खेला जा रहा है, इसलिए हमें उम्मीद है कि बड़ी संख्या में 'ऑरेंज' (नीदरलैंड्स के समर्थक) दर्शक आएंगे और हमें भरपूर समर्थन मिलेगा। यह न सिर्फ हमारी टीम के लिए, बल्कि हमारे परिवारों, दोस्तों और उन सभी लोगों के लिए जिंदगी का एक यादगार अनुभव होगा, जिनके दिल में डच महिला क्रिकेट के लिए खास जगह है।"
नीदरलैंड ने पिछले साल नेपाल में हुए आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप ग्लोबल क्वालीफायर्स के 'सुपर सिक्स' चरण के तीनों मैचों में जीत हासिल करके पहली बार विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया था।