वनडे त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में शनिवार को पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ 3 विकेट से जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम किया। श्रीलंका के खिलाफ 326 रनों के विशाल टारगेट का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 48.3 ओवरों में जीत हासिल की। यह किसी वनडे फाइनल में संयुक्त रूप से सबसे बड़ा सफल रन-चेज है, जो 2002 में लॉर्ड्स में खेले गए 'भारत बनाम इंग्लैंड' मैच के बराबर है।
लाहौर में श्रीलंकाई टीम टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी। अविष्का फर्नांडो ने कामिंदु मेंडिस के साथ पहले विकेट के लिए 104 गेंदों में 87 रन की साझेदारी की। अविष्का 49 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 38 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कामिंदु ने कप्तान कुसल मेंडिस दूसरे विकेट के लिए 22 रन की साझेदारी की। कुसल 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
टीम ने 109 के स्कोर तक दो विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कामिंदु ने पवन रत्नायके के साथ तीसरे विकेट के लिए 118 गेंदों में 146 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। कामिंदु मेंडिस 128 गेंदों में 131 रन बनाकर आउट हुए। इस पारी में 2 छक्के और 12 चौके शामिल रहे, जबकि रत्नायके ने 65 गेंदों में 8 चौकों के साथ 77 रन जुटाए।