AUS vs SA 3rd Test: साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा (Kagiso Rabada) अपनी घातक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं और केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट के पांचवें दिन उन्होंने एक बार फिर इसका नमूना पेश किया। सीरीज के निर्णायक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 288 रन का लक्ष्य मिला था। ऐसे में साउथ अफ्रीका को जीत के लिए शुरुआती विकेटों की जरूरत थी और रबाडा ने पारी के पहले ही ओवर में दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई खेमे में खलबली मचा दी।
रबाडा ने ओवर की तीसरी गेंद पर मैट रेनशॉ को अपना पहला शिकार बनाया। उन्होंने लेग स्टंप की तरफ एक साधारण सी गेंद डाली, जिस पर रेनशॉ ने उसे फ्लिक करने की कोशिश की। हालांकि, गेंद उनके बल्ले का हल्का किनारा लेकर विकेटकीपर रयान रिकेल्टन के पास चली गई। रिकेल्टन ने दाईं तरफ तेजी से मूव करते हुए आसान कैच लपक लिया। रेनशॉ बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर रबाडा ने मार्नस लाबुशेन को भी अपने जाल में फंसा लिया। इस बार उन्होंने तेज रफ्तार से अंदर की तरफ आती गेंद डाली। लाबुशेन को लगा कि गेंद ऑफ स्टंप के बाहर से निकल जाएगी, इसलिए उन्होंने उसे खेलने के बजाय छोड़ने का फैसला किया। लेकिन गेंद ने आखिरी समय पर अंदर की तरफ मूव किया और सीधे उनके पिछले पैर के पैड पर जा लगी।