हांगकांग ओपन 2026 में भारत की पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का सफर सेमीफाइनल में खत्म हो गया। उन्हें मलेशिया की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी मान वेई चोंग और टी काई वुन के हाथों सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा।
पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने कई गलतियां कीं और 40 मिनट चले मुकाबले में 18-21, 19-21 से हार गई। दिलचस्प बात यह है कि इस मुकाबले से पहले मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ उनका हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 4-1 से उनके पक्ष में था। पहला गेम दोनों जोड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला रहा। कुछ शानदार रैलियों के बाद मलेशियाई जोड़ी 17-12 से आगे हो गई। सात्विक और चिराग ने वापसी की कोशिश की और सात्विक के कुछ बेहतरीन डिफेंसिव शॉट्स की मदद से स्कोर 17-17 से बराबर कर लिया। हालांकि, अंतिम क्षणों में मान और टी ने संयम बनाए रखा और पहला गेम 21-18 से अपने नाम कर लिया।
भारतीय जोड़ी ने दूसरे गेम की शुरुआत अच्छी की और 7-3 की बढ़त बना ली, जिससे मैच को निर्णायक गेम (टाईब्रेक) तक ले जाने की उम्मीद जगी। मगर नेट पर भारत की कुछ गलतियों की वजह से मलेशियाई जोड़ी ने वापसी की और स्कोर बराबर कर दिया। स्कोर बराबर होने के बाद मान और टी ने मौके का फायदा उठाया और दूसरा गेम 21-19 से जीतकर फाइनल में जगह बना ली।