न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच के पहले दिन एकतरफ भारतीय गेंदबाज़ कीवी बल्लेबाज़ों को अपनी धुन पर नचा रहे थे वहीं, स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली भी मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बॉलीवुड के हिट चार्टबस्टर गाने 'माई नेम इज लखन' पर डांस करते नजर आए। विराट का एक वीडियो इस समय काफी वायरल हो रहा है।
इस टेस्ट के पहले दिन प्रशंसक भी स्टैंड में खूब मस्ती कर रहे थे और वायरल वीडियो में उन्हें नारे लगाते, नाचते और अपनी पूरी आवाज में गाते हुए देखा जा सकता है। अभिनेता अनिल कपूर का मशहूर बॉलीवुड गाना 'माई नेम इज लखन' गाते हुए फैंस का एक क्लिप सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। वीडियो में दो प्रशंसक मैच देखते हुए बॉलीवुड गाना गाते नजर आ रहे हैं। क्लिप में आगे वो कैमरे को पिच की ओर घुमाते हैं, जहां कोहली गाने का हुक स्टेप करते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद फैंस खुशी से पागल हो जाते हैं।
इस टेस्ट की बात करें तो भारत के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे औऱ आखिरी टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन भारतीय गेंदबाज़ों ने उनके इस फैसले को गलत साबित करते हुए कीवी टीम को शुरुआती झटके दे डाले। ताजा समाचार लिखे जाने तक कीवी टीम ने पहले दिन टी-ब्रेक तक 6 विकेट खोकर 192 रन बना लिए हैं।
We did it again! Making Virat Kohli groove to My Name is Lakhan! Wait for it #INDvNZ pic.twitter.com/lC2cGyTZWa
— Shrutika Gaekwad (@Shrustappen33) November 1, 2024