भारतीय हॉकी टीम 13 जनवरी को स्पेन के खिलाफ एफआईएच ओडिशा विश्व कप में अपने अभियान की शुरूआत करने के लिए तैयार है। हॉकी के सबसे बड़े टूर्नामेंट की शुरूआत में कुछ ही दिन बचे हैं। इसे लेकर फारवर्ड सुखजीत सिंह ने टीम कैंप के मूड के बारे में खुलकर बात की।
भारतीय हॉकी टीम 27 दिसंबर, 2022 को राउरकेला पहुंची और हॉकी की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की तैयारी के लिए पिछले एक सप्ताह से नए बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में कड़ी ट्रेनिंग कर रही है। सुखजीत ने भारतीय हॉकी टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड को उनके निरंतर समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, मैं बहुत खुश हूं और मुख्य कोच ग्राहम रीड का शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने पिछले एक साल में मेरे प्रदर्शन को देखने के बाद मुझे टीम का हिस्सा बनने का मौका दिया। मैं खेलने के लिए वास्तव में उत्साहित हूं क्योंकि यह न केवल सबसे बड़ा मंच है, बल्कि एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप भुवनेश्वर-राउरकेला 2023 भी हमारे घरेलू मैदान पर खेला जा रहा है। सुखजीत ने कहा कि भारतीय प्रशंसकों के सामने हॉकी खेलना हमेशा रोमांचक होता है।