मानवजीत सिंह संधू की गिनती भारत के दिग्गज ट्रैप शूटर्स में की जाती है। उन्होंने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए। मानवजीत ने चार बार ओलंपिक में हिस्सा लिया। इसके बाद ही वह आईएसएसएफ वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप 2006 में चैंपियन बनने वाले पहले भारतीय शॉटगन शूटर भी रहे।
मानवजीत सिंह का जन्म 3 नवंबर 1976 को पंजाब के अमृतसर में हुआ। मानवजीत को शूटिंग का खेल विरासत में मिला। उनके पिता गुरबी सिंह संधू खुद एक शूटर थे। ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता पिता मानवजीत के शुरुआत में कोच भी रहे और उन्होंने ही बेटे को इस खेल की बारीकियां सिखाईं। मानवजीत सबसे पहले सुर्खियों में 1998 में आए, जब उन्होंने एशियन गेम्स में दमदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए सिल्वर मेडल जीता। इसके बाद इसी साल में मानवजीत कॉमनवेल्थ गेम्स में भी देश का परचम लहराने में सफल रहे और उन्होंने गोल्ड मेडल पर निशाना लगाया।
एक साल में दो बड़ी सफलता ने मानवजीत सिंह को देश और इंटरनेशनल स्तर पर पहचान दिलाने का काम किया। साल 2004 में हुए एथेंस ओलंपिक में उन्हें पहली बार देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। हालांकि, उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और वह 19वें स्थान पर रहे।