अदाणी मैराथन के 10वें संस्करण का रविवार को अहमदाबाद में आयोजन हुआ। इस मैराथन में लगभग 32 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। महिला बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने मैराथन का हिस्सा बनने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इस बार मैराथन का आयोजन खासतौर पर सैनिकों के लिए किया जा रहा है और वह इसका हिस्सा बनकर खुश हैं।
इस मैराथन में पूरे भारत और दूसरे देशों के लोगों ने भी हिस्सा लिया, जिसमें चार अलग-अलग रेस कैटेगरी शामिल रहीं। अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने मैराथन के लिए खास इंतजाम किए, जबकि गुजरात पुलिस ने मैराथन का रूट तैयार किया। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए धावक इस इवेंट में उत्साह के साथ हिस्सा लेते दिखाई दिए।
हाल ही में एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाली महिला बॉक्सर लवलीना ने 'आईएएनएस' संग बातचीत करते हुए कहा, "सबसे पहले, मैं अदाणी ग्रुप को इतनी बड़ी पहल करने के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं। इस इवेंट में बहुत सारे लोगों ने हिस्सा लिया है। इस बार का आयोजन सैनिकों के लिए किया जा रहा है, जो इसे और भी खास बनाता है। इस साल इतनी बड़ी संख्या में लोगों का आना एक रिकॉर्ड है और यह मैराथन का 10वां संस्करण है। यह इवेंट इतने वर्षों से आयोजित किया जा रहा है, जो एक बड़ी कामयाबी है।"