'फिट इंडिया मूवमेंट' के तहत संडे ऑन साइकिल के 100वें संस्करण का आयोजन रविवार को हुआ। केंद्रीय युवा मामलों और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने महाराष्ट्र के पुणे में इस अभियान की अगुवाई की। इस इवेंट में बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ ने भी हिस्सा लिया।
केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों संग बातचीत करते हुए कहा, "आज से दो साल पहले, 250 जगहों पर, संडे ऑन साइकिल करके हमने 'फिट इंडिया मूवमेंट' शुरू किया था। आज मुझे खुशी है कि यह 100वां संस्करण है। पूरे देश में, 40,000 से ज्यादा जगहों पर संडे ऑन साइकिल का आयोजन किया गया। पुणे में ही 50 हजार से अधिक युवा संडे ऑन साइकिल से जुड़े। वे पीएम मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट को आगे बढ़ाने के लिए आए।''
उन्होंने कहा, ''इस 100वें संस्करण की थीम थी 'इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक'। भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स की बिड तो जीत ली है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने 2036 के ओलंपिक का सपना देखा है, उसे साकार करने के लिए भारत तैयार है। इसलिए आज पूरे देश में आवाज निकली है 'इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक'।"