डच हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी फ्लोरिस जेन बोवेलैंडर ने पंजाब में 'एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026' देखने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निमंत्रण पर खुशी जताई है।
जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में जारी टूर्नामेंट के दौरान बातचीत करते हुए वर्ल्ड कप 1990 और ओलंपिक गेम्स 1996 में गोल्ड मेडलिस्ट फ्लोरिस जेन बोवेलैंडर ने कहा, "मैं यह जानकर हैरान और गर्व भी महसूस कर रहा था कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मुझे याद रखा और इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का हिस्सा बनने के लिए व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया। यह निमंत्रण हॉकी के प्रति मुख्यमंत्री के अपार प्रेम का स्पष्ट प्रमाण है और इसी कारण मैंने जालंधर आने का निर्णय लिया।"
अक्टूबर 1985 से अगस्त 1996 तक के शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान नीदरलैंड के लिए 241 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर 215 गोल करने वाले महान 'ड्रैग फ्लिकर' बोवेलैंडर ने भारत को विश्व हॉकी का पावरहाउस बताया।