बहरीन में आयोजित एशियाई युवा खेल में 17 साल की भूमिका नेहते ने देश को दो मेडल दिलवाए। एक मेडल उन्होंने व्यक्तिगत स्पर्धा में जीता जबकि दूसरा ग्रुप में जीता। भूमिका धावक हैं। दौड़ते समय उनकी गति देख बड़े-बड़े विशेषज्ञ उन्हें भविष्य में ओलंपिक में देश के लिए मेडल की उम्मीद के रूप में देखते हैं।
भूमिका नेहते महाराष्ट्र के नासिक की रहने वाली हैं। 5 साल पहले भूमिका ने कोच सिद्धार्थ वाघ की देखरेख में अभ्यास शुरू किया था। पिछले 5 साल की लगातार कड़ी मेहनत का नतीजा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय फलक पर दिखने लगा है। भूमिका नासिक की पहली धावक है जिसने एशियाई खेल जैसे बड़े इवेंट में पदक जीता है।
बहरीन में आयोजित एशियाई युवा खेल में भूमिका ने दोहरी सफलता हासिल की। 200 मीटर दौड़ को 24.43 सेकंड में पूरा कर भूमिका ने देश के लिए कांस्य पदक जीता। इसके बाद 4x100 मीटर मेडले रिले में उनकी टीम ने 2.12 मिनट में दौड़ पूरी कर रजत पदक जीता। टीम में उनकी साथी एडविना जेसन, शौर्य अंबुरे और तन्नू थीं। दोनों श्रेणियों में अपने चयन को मेडल जीत भूमिका ने सही साबित किया।