अमेरिकी सांसदों ने कॉलेज खिलाड़ियों को भारी-भरकम टैक्स के बोझ से बचाने के लिए सुधारों की मांग की है। उनका कहना है कि नेम, इमेज एंड लाइकेनेस (एनआईएल) समझौतों के तेजी से बढ़ते चलन के कारण कई युवा खिलाड़ी पर्याप्त मार्गदर्शन के अभाव में जटिल कर व्यवस्था को समझने और उसका पालन करने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
इस हफ्ते मल्टी-बिलियन डॉलर की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री पर 'हाउस वेज एंड मीन्स कमिटी' की सुनवाई के दौरान, दोनों पार्टियों के सांसदों को जानकारी मिली कि स्टूडेंट एथलीट, जिनमें से कई अभी टीनएज हैं, एंडोर्समेंट डील्स से लाखों डॉलर कमा रहे हैं, लेकिन अक्सर उन्हें अपनी टैक्स देनदारियों के बारे में पता नहीं होता है।
पूर्व एनएफएल लाइनबैकर और ईएसपीएन एनालिस्ट सैम अचो ने सांसदों को एक 18 वर्षीय फुटबॉल खिलाड़ी का उदाहरण देते हुए बताया कि खिलाड़ी ने एनआईएल समझौतों के जरिए 7.5 लाख अमेरिकी डॉलर कमाए। उसने अपनी मां के लिए एक घर खरीदा, एक कार ली और एक अपार्टमेंट किराए पर लिया, लेकिन बाद में उसे पता चला कि उसके पास केवल लगभग 6,000 अमेरिकी डॉलर ही बचे हैं, जबकि उस पर करीब 3.2 लाख अमेरिकी डॉलर का टैक्स बकाया है, क्योंकि उसकी आय से पहले ही कोई टैक्स नहीं काटा गया था।