बेल्जियम और नीदरलैंड्स की संयुक्त मेजबानी में शनिवार से एफआईएच पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने जा रहा है। टूर्नामेंट में भारत के ओपनिंग मुकाबले से पहले हेड कोच क्रेग फुल्टन ने कहा कि उनकी टीम 1975 में देश की वर्ल्ड कप जीत से प्रेरणा लेते हुए शानदार प्रदर्शन करेगी।
आठ बार ओलंपिक गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम अपनी 1975 की वर्ल्ड कप जीत की गोल्डन जुबली मना रही है। कोच फुल्टन ने कहा कि वह जीत 2026 के कैंपेन के लिए बड़ी प्रेरणा होगी, जिसकी शुरुआत वे शनिवार को नीदरलैंड के एमस्टेलवीन में वैगनर हॉकी स्टेडियम में वेल्स के खिलाफ करेंगे।
ओपनिंग मैच से एक दिन पहले, भारत के कोच फुल्टन और वेल्स के हेड कोच डैनी न्यूकॉम्बे ने अपने आने वाले मैच, पूरे कैंपेन और टूर्नामेंट की तैयारियों पर अपने विचार साझा किए। पूल डी में भारत और वेल्स के अलावा इंग्लैंड और पाकिस्तान बाकी दो टीमें हैं।