भारतीय हॉकी के 100 साल पूरे होने पर हॉकी इंडिया ने अखिल भारतीय स्तर पर समारोहों का आह्वान किया है। 7 नवंबर को विशेष समारोह का आयोजन होगा। भारतीय हॉकी की यात्रा 1925 में पहले राष्ट्रीय खेल संस्था के गठन के साथ शुरू हुई थी। समारोह से जुड़ा विवरण जल्द दिया जाएगा।
हॉकी इंडिया ने भारतीय हॉकी के स्वर्णिम इतिहास की चर्चा की है, जिसमें 8 ओलंपिक स्वर्ण पदक शामिल हैं। यह अब तक किसी भी देश द्वारा इस खेल में जीते गए अधिकतम पदक हैं और साथ ही भारत द्वारा ओलंपिक में किसी भी खेल में जीते गए सर्वाधिक पदक भी हैं।
भारतीय हॉकी के पुराने दिग्गज गुरबक्स सिंह ने कहा, "भारत में आयोजित पहला हॉकी टूर्नामेंट 1895 में बेयटन कप था। राष्ट्रीय हॉकी संघ का गठन 1925 में हुआ और भारत ने इसके गठन के केवल तीन साल बाद 1928 में ओलंपिक स्वर्ण पदक जीता। उसके बाद, भारत ने 1932 और 1936 में स्वर्ण पदक जीते और अगर द्वितीय विश्व युद्ध न होता, तो 1940 और 1944 में भी ये खेल आयोजित होते, तो हम दो और स्वर्ण पदक जीत सकते थे। वह ध्यानचंद का युग था और हमने पूरी दुनिया पर अपना दबदबा कायम कर लिया था। ब्रिटेन ने 'भारत से हारने' के डर से 1948 तक हॉकी टीम नहीं उतारी थी।"