हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोनीपत में स्थित राई स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा में आयोजित 'नेक्स्ट जेन स्पोर्ट्स मैनेजमेंट' विषय पर आधारित कांफ्रेंस में हिस्सा लिया और मुख्य मंच से अपने विचार साझा किए। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि इस कांफ्रेंस का उद्देश्य खेल क्षेत्र का सुस्पष्ट रोड मैप तैयार करना है, जो भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में खेलों की अहम भूमिका सुनिश्चित करेगा।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा की धरती ने हमेशा खेलों के जरिए भारत को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई है। राज्य के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने यह भी कहा कि 2026 के राष्ट्रमंडल खेलों और 2028 ओलंपिक में हमारे खिलाड़ी पदक तालिका में शीर्ष पर रहेंगे।
सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 सालों में खेल क्षेत्र में भारत की प्रगति को सराहा। उन्होंने कहा कि 65 प्रतिशत युवा जनसंख्या वाले देश में अलग रणनीति की आवश्यकता है और इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि स्पोर्ट्स मैनेजमेंट का भारतीयकरण चार 'एम' पर आधारित है- मॉडल, माइंडसेट, मैनेजमेंट, मोरल वैल्यूज और मॉडर्निटी। इन्हें अपनाकर भारत अगले दशक में विश्व स्तर पर खेल प्रबंधन में नया मुकाम हासिल कर सकता है।