Korea Open: भारत के बैडमिंटन स्टार सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने बताया कि उन्होंने और उनके डबल्स पार्टनर चिराग शेट्टी ने कोर्ट पर अपनी भावनाओं पर काबू पाना सीख लिया है। वे मैच के दौरान एक-दूसरे पर गुस्सा करने के बजाय गलतियों से जल्दी आगे बढ़ना पसंद करते हैं।
एशियन गेम्स से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि प्वाइंट हारने के बाद उन्हें या चिराग में से किसे ज्यादा गुस्सा आता है और शांत होने में किसे अधिक समय लगता है, तो सात्विक ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उनका नजरिया बदल गया है।एशियन गेम्स से पहले वर्चुअल मीडिया बातचीत के दौरान 'आईएएनएस' के सवाल का जवाब देते हुए सात्विक ने कहा, "नहीं, हम दोनों को जल्दी गुस्सा नहीं आता। हम उस स्थिति के हिसाब से खुद को ढाल लेते हैं। पहले मैं रिएक्ट करता था। अगर कोई गलती करता था - चाहे मैं या चिराग - तो मैं तुरंत रिएक्ट कर देता था। मगर अब मैं ज्यादा रिएक्ट नहीं करता। मतलब, यह बस एक प्वाइंट है। हम अगले प्वाइंट पर ध्यान देते हैं।"
भारतीय शटलर ने कहा कि उन्हें एहसास हो गया है कि पार्टनर के प्रति निराशा जाहिर करने से उनके तालमेल की लय बिगड़ सकती है, इसलिए तुरंत अपना ध्यान दूसरी तरफ लगाना जरूरी है। उन्होंने आगे कहा, "तो, यह एक तरह से मानसिक बात भी हो गई है। जैसे, जब आप अपने पार्टनर के सामने भावनाएं जाहिर करते हैं, तो तालमेल ठीक नहीं बैठता। इसी वजह से बस यही सोचना चाहिए - अगले प्वाइंट के बारे में सोचो, अगले प्वाइंट के बारे में। इसी वजह से हम गुस्सा नहीं करते। हम अब तक कोर्ट पर कभी गुस्सा नहीं हुए। हमने कभी ऐसा दिखाया भी नहीं। हम बस अगले प्वाइंट पर ध्यान देते हैं।"