इंग्लैंड की चर्चित लीग द हंड्रेड 2026 की ऑक्शन के लिए पाकिस्तान के 14 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। हालांकि टी20 वर्ल्ड कप में दो शतक लगाने वाले पाकिस्तान के स्टार ओपनर साहिबजादा फरहान को इस सूची में जगह नहीं मिली। इस फैसले ने क्रिकेट फैंस में हैरानी पैदा कर दी है।
इंग्लैंड की क्रिकेट लीग द हंड्रेड 2026 की ऑक्शन 12 मार्च को आयोजित की जाएगी। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान के 63 खिलाड़ियों ने अपना नाम रजिस्टर करवाया था, जिसमें 14 खिलाड़ी ही अंतिम शॉर्टलिस्ट में जगह बनाने में सफल रहे हैं।
शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों में शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, शादाब खान, सैम अयूब और नसीम शाह जैसे बड़े नाम शामिल हैं। हारिस रऊफ को नीलामी में प्रमुख खिलाड़ियों की श्रेणी में रखा गया है। दिलचस्प बात यह है कि रऊफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान टीम में शामिल नहीं थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें द हंड्रेड की ऑक्शन लिस्ट में स्थान मिला है।
दूसरी ओर, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दो शतक जड़कर 76.60 की जबरदस्त औसत से 383 रन बनाने वाले पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान इस सूची में शामिल नहीं है। फरहान टीम के सुपर 8 से बाहर होने के बावजूद फिल्हाल टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
आपको बता दें ऑक्शन से पहले यह भी खबरें सामने आई थीं कि द हंड्रेड की कुछ फ्रेंचाइज़ियां, जिनके मालिक इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीमों से जुड़े हुए हैं, किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी को साइन करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही हैं।
गौरतलब है कि एमआई लंदन, मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, सनराइजर्स लीड्स और साउदर्न ब्रेव जैसी टीमों के मालिकों के संबंध आईपीएल फ्रेंचाइज़ियों से हैं। हालांकि इन खबरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं है, लेकिन इन अटकलों ने क्रिकेट जगत में बहस जरूर छेड़ दी है।
Also Read: LIVE Cricket Score
द हंड्रेड 2026 की नीलामी में शामिल होने वाले पाकिस्तानी खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है:
हारिस रऊफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक, शादाब खान, सैम अयूब, अबरार अहमद, नसीम शाह, मोहम्मद आमिर, मोहम्मद नवाज, इमाद वसीम, जमान खान, उसामा मीर, आकिफ जावेद और सलमान मिर्जा।