न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड को अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव करना पड़ा है। विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ ने निजी कारणों से टीम से अपना नाम वापस ले लिया है। उनकी जगह 22 वर्षीय युवा खिलाड़ी को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला है।

Advertisement

न्यूजीलैंड के खिलाफ द ओवल में बुधवार (17 जून) से खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड क्रिकेट टीम को अपनी प्लेइंग इलेवन में अचानक बदलाव करना पड़ा है। विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ इस मुकाबले में नहीं खेलेंगे। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने मैच शुरू होने से एक दिन पहले इसकी पुष्टि की।

ECB के मुताबिक जेमी स्मिथ अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। उन्हें सोमवार (15 जून) को घोषित की गई इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था, लेकिन बेटी के जन्म के बाद उन्होंने परिवार के साथ रहने का फैसला किया। हालांकि पहले टेस्ट में स्मिथ बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए थे। उन्होंने इस मैच में 1 और 39 रन की पारियां खेली थीं।

स्मिथ की गैरमौजूदगी में 22 वर्षीय जेम्स रेव को इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। वह इस मुकाबले में विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे और अपना टेस्ट डेब्यू भी करेंगे। ECB ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी जानकारी देते हुए जेमी स्मिथ और उनके परिवार को बधाई दी, साथ ही जेम्स रेव को टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

जेम्स रेव का फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 64 फर्स्ट क्लास मैचों की 107 पारियों में 3921 रन बनाए हैं। उनके नाम 12 शतक और 17 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि उनका बल्लेबाजी औसत 41.71 का है। 

दिलचस्प बात यह है कि जेम्स रेव अकेले ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं जो इस टेस्ट में डेब्यू करेंगे। उनके अलावा जॉर्डन कॉक्स और सॉनी बेकर भी पहली बार इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलते नजर आएंगे।

Also Read: LIVE Cricket Score

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग XI:
बेन डकेट, एमिलियो गे, जैकब बेथेल, जो रूट (कप्तान), हैरी ब्रूक, जेम्स रेव (विकेटकीपर), जॉर्डन कॉक्स, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, मैथ्यू फिशर, सॉनी बेकर।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार