चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस ने महेंद्र सिंह धोनी के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने को एक सौभाग्य बताया है। उन्होंने कहा कि पूर्व कप्तान को अपने मेंटर के रूप में पाकर वह बहुत आभारी हैं। धोनी ने हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास की घोषणा की है।

धोनी ने अपने आईपीएल करियर को अलविदा कह दिया है और आगामी सीजन से वह सीएसके टीम के मेंटर की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में कुल 278 मैच खेले और 5,439 रन बनाए। उनकी कप्तानी में सीएसके ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में पांच बार खिताब जीता। बतौर विकेटकीपर उन्होंने 205 शिकार किए, जिसमें 158 कैच और 47 स्टंपिंग शामिल हैं।

ब्रेविस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' पर 2022 में धोनी के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद किया, जब वह मुंबई इंडियंस के एक युवा खिलाड़ी थे। उन्होंने बताया कि 2025 में चेन्नई से जुड़ने के बाद उनके और धोनी के बीच संबंध कैसे और गहरे हुए। साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज ने कहा कि पूर्व भारतीय कप्तान ने युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने के लिए समय निकालकर उन पर गहरी छाप छोड़ी है।

ब्रेविस ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "यह किसी सपने जैसा लगता है। 2022 में मुंबई इंडियंस के एक युवा खिलाड़ी के तौर पर आपसे पहली बार मिलना, क्रीज पर अपने पीछे आपको देखकर अभिभूत हो जाना, और फिर 2025 व 2026 में आपके साथ सीएसके का ड्रेसिंग रूम साझा करना—यह सब अद्भुत रहा।"

ब्रेविस ने आगे कहा, "मैं कभी नहीं भूल सकता कि उस पहले मैच के बाद आपने हम युवा खिलाड़ियों से बात करने के लिए समय निकाला और ऐसी सलाह दी जो आज भी मेरे साथ है। क्या शानदार सफर रहा और यह कितना बड़ा सौभाग्य है। आपके शानदार आईपीएल करियर के लिए बधाई। सीएसके में आपको अपने मेंटर के रूप में पाकर मैं सचमुच धन्य महसूस कर रहा हूं।"

अप्रैल 2025 में सीएसके से जुड़े ब्रेविस ने इस फ्रेंचाइजी के लिए 17 आईपीएल मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 26.86 की औसत और 154.70 के स्ट्राइक रेट से 376 रन बनाए हैं। आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले चेन्नई ने उन्हें रिटेन भी कर लिया है, जिससे उन्हें धोनी के मार्गदर्शन में अपनी नई भूमिका के साथ खेलना जारी रखने का मौका मिलेगा।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार