India U19 vs Pakistan U19: पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) अपने आक्रामक अंदाज के लिए जाने जाते थे। अब उनके बड़े बेटे आर्यवीर सहवाग (Aaryavir Sehwag) भी क्रिकेट के मैदान पर अपने तेवर दिखाते नजर आ रहे हैं। शनिवार (14 नवंबर) को भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में आर्यवीर के साथ एक ऐसी घटना हुई, जिसके बाद उनका रिएक्शन सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
यह घटना भारतीय पारी के 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर हुई। आर्यवीर ने क्रीज से बाहर निकलकर गेंद को लेग साइड की तरफ खेल दिया। हालांकि, गेंद को फील्डर की तरफ जाता देख उन्होंने रन लेने का इरादा बदल दिया और वापस अपनी क्रीज में लौटने लगे। इसी दौरान पाकिस्तानी फील्डर ने तेजी से गेंद उठाई और स्ट्राइकर एंड के स्टंप्स पर निशाना लगाते हुए सीधा थ्रो कर दिया। लेकिन गेंद स्टंप्स पर लगने के बजाय सीधे आर्यवीर के हाथ पर जा लगी।
गेंद लगते ही आर्यवीर कुछ पल के लिए रुक गए और पाकिस्तानी खिलाड़ी के साथ किसी तरह की बहस करने के बजाय उसे लगातार घूरते रहे। वहीं, थ्रो करने वाला पाकिस्तानी फील्डर बाद में आर्यवीर से अपनी गलती के लिए माफी मांगता हुआ नजर आया।
VIDEO:
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई क्रिकेट फैंस आर्यवीर के इस रिएक्शन की तुलना उनके पिता वीरेंद्र सहवाग के आक्रामक अंदाज से कर रहे हैं। सहवाग भी अपने खेल के दिनों में मैदान पर बेखौफ अंदाज और आक्रामक बल्लेबाजी के लिए काफी मशहूर रहे हैं।
आर्यवीर ने फाइनल में खेली शानदार अर्धशतकीय पारी
मुकाबले की बात करें तो भारत ने पाकिस्तान के 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोमांचक अंदाज में जीत हासिल की। इस दौरान आर्यवीर सहवाग ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया। उन्होंने 61 गेंदों में 58 रन की शानदार पारी खेली और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ पहले विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी निभाई।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि, आर्यवीर के आउट होने के बाद भारतीय टीम को लगातार झटके लगे और मुकाबला आखिरी ओवरों तक पहुंच गया। ऐसे मुश्किल समय में निचले क्रम के बल्लेबाज मोहित उल्वा ने कमाल कर दिया। उन्होंने महज 26 गेंदों में नाबाद 49 रन की मैच जिताऊ पारी खेली और भारत को एक विकेट से रोमांचक जीत दिला दी।