आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला आज यानि 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाना है। खिताबी मुकाबले की मेजबानी अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम करेगा और इस बड़े मैच से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के फैंस का उत्साह और बढ़ गया है क्योंकि साउथ अफ्रीका के महान खिलाड़ी एबी डी विलियर्स 2026 के फाइनल से पहले अपनी टीम को सपोर्ट करने के लिए अहमदाबाद पहुंच गए।
आरसीबी के इस पूर्व स्टार का फ्रेंचाइजी और उसके फैंस के साथ एक खास रिश्ता है, क्योंकि उन्होंने एक दशक से भी ज़्यादा समय तक बेंगलुरु की इस टीम का प्रतिनिधित्व किया। अपने आईपीएल करियर के दौरान, डी विलियर्स ने अनगिनत यादगार प्रदर्शन किए और विराट कोहली के साथ मिलकर फैंस का दिल जीता, जिसकी वजह से वो हर पीढ़ी के फैंस के पसंदीदा खिलाड़ी बन गए।
जब आरसीबी ने 2025 में आईपीएल का खिताब जीता था उस समय भी डी विलियर्स मैदान पर मौजूद थे और अपनी टीम को सपोर्ट करते हुे नजर आए थे और अब जब उनकी टीम लगातार दूसरे फाइनल में ट्रॉफी को डिफेंड करने की राह पर है तो एक बार फिर फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि डी विलियर्स अपने साथ लक्की चार्म लेकर आएंगे जिसके चलते आरसीबी लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीत सकेगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
वहीं, अगर इस फाइनल के लिए मौसम विभाग की मानें तो बारिश खलल डाल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, फ़ाइनल के दिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री रहेगा। तापमान में इस भारी बदलाव के कारण, टॉस जीतने वाली टीमें शायद लक्ष्य का पीछा करना पसंद करेंगी, क्योंकि मैच के दूसरे हाफ में ओस पड़ने की संभावना है। मैच के दौरान बारिश की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग ने फाइनल के दिन येलो अलर्ट भी दिया हुआ है जिसका मतलब है कि फैंस को पूरे 40 ओवर का खेल शायद देखने को तो मिले लेकिन हो सकता है बारिश बीच में खलल डालती रहे लेकिन अच्छी खबर ये है कि अगर बारिश आती भी है तो भी इस मैच के लिए रिजर्व डे रखा गया है।