रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) ने IPL 2026 में आखिरकार दमदार वापसी कर ली है। लगातार दो मैचों में बिना खाता खोले आउट होने के बाद विराट ने कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के खिलाफ शानदार शतक ठोक दिया। रायपुर में खेले गए इस मुकाबले में विराट बिल्कुल पुराने अंदाज में नजर आए और उनकी इस पारी की बदौलत आरसीबी ने प्लेऑफ की तरफ मजबूत कदम बढ़ा दिया।
हालांकि, इस मैच के दौरान एक मजेदार पल भी देखने को मिला, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, विराट बल्लेबाजी करते समय स्कूप शॉट की प्रैक्टिस कर रहे थे। तभी स्टंप माइक में उनकी आवाज रिकॉर्ड हो गई। विराट मजाकिया अंदाज में कहते सुनाई दिए, “अब तो इंडिया के लिए थोड़ी ना खेलना है, अब तो हर शॉट लगेगा।”
ये मज़ेदार वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है जिसे आप नीचे देख सकते हैं। बता दें कि कोहली अब T20I और टेस्ट क्रिकेट से रिटायर हो चुके हैं और सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं। ऐसे में उनकी इस बात को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। कई फैंस का कहना है कि विराट अब IPL में ज्यादा खुलकर बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
अगर मैच की बात करें तो विराट ने सिर्फ 58 गेंदों में शतक पूरा किया। उनकी पारी में 10 चौके और 3 लंबे छक्के शामिल रहे। खास बात ये रही कि ये उनके IPL करियर का 279वां मैच था और इसके साथ ही उन्होंने सबसे ज्यादा IPL मैच खेलने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इस मामले में उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को पीछे छोड़ दिया।