आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले सनराइजर्स हैदराबाद के कैंप से अच्छी खबर सामने आई है। टीम के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ईशान किशन शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। प्रैक्टिस मैच में दोनों ने तूफानी पारियां खेलकर बाकी टोमों को संदेश दे दिया है।
28 मार्च से आईपीएल 2026 का आगाज हो रहा है और सभी टीमें अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। इसी कड़ी में सनराइजर्स हैदराबाद ने शनिवार (21 मार्च) को एक इंट्रा-स्क्वॉड प्रैक्टिस मैच खेला, जिसमें टीम के दो बड़े भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने अपने बल्ले से जमकर धमाल मचाया।
सबसे पहले बात अभिषेक शर्मा की करें तो उन्होंने इस मुकाबले में 27 गेंदों में अर्धतक लगाया और 42 गेंदों पर 94 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में बड़े-बड़े शॉट्स लगाते हुए गेंदबाजों की जमकर खबर ली। पिछले कुछ समय से दबाव में चल रहे अभिषेक ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अर्धशतक लगाकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए थे और अब आईपीएल से पहले इस पारी ने उनका आत्मविश्वास और बढ़ा दिया है।
अभिषेक के अलावा टीम के अन्य बल्लेबाजों ने भी पहली पारी में अच्छा योगदान दिया। हेनरिक क्लासेन ने 31 गेंदों पर 49 रन बनाए, जबकि युवा बल्लेबाज सलिल अरोड़ा ने सिर्फ 16 गेंदों में 47 रन ठोककर सभी को प्रभावित किया। इन पारियों की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद की ए टीम ने 253 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
वहीं दूसरी पारी में ईशान किशन का बल्ला गरजा। उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में 72 रन की तूफानी पारी खेली और दिखा दिया कि वह भी इस सीजन के लिए पूरी तरह तैयार हैं। गौरतलब है कि पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन इस सीजन शुरुआती कुछ मैचों में में टीम की कप्तानी भी संभालने वाले हैं, ऐसे में उनकी यह फॉर्म टीम के लिए काफी अहम साबित हो सकती है।
Also Read: LIVE Cricket Score
ईशान किशन हाल ही में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी शानदार फॉर्म में नजर आए थे। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 317 रन बनाए और टीम इंडिया के लिए अहम योगदान दिया। उनकी इस निरंतरता से साफ है कि वह इस समय बेहतरीन लय में हैं। अब आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम इन दोनों बल्लेबाजों से बड़े प्रदर्शन की उम्मीद करेगी, क्योंकि अगर ये दोनों इसी तरह फॉर्म में रहे तो टीम किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस करने की क्षमता रखती है।