आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए भारतीय युवा स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस मुकाबले में उन्होंने 48 रन की तेज पारी खेल टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और इसी दौरान उन्होंने बतौर भारतीय खिलाड़ी SRH के लिए इतिहास भी रच दिया है।
आईपीएल 2026 का छठा मुकाबला गुरुवार (2 अप्रैल) को कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जा रहा। ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे इस मैच में ओपनिंग करते हुए अभिषेक ने सिर्फ 21 गेंदों में 48 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
अपनी इस पारी के दौरान ही अभिषेक ने SRH के लिए IPL में 100 छक्के पूरे कर लिए हैं। इसी के साथ वह इस फ्रेंचाइज़ी के लिए 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं और अब उनके नाम 76 मैचों में 101 छक्के दर्ज हो चुके हैं।
अगर SRH के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो इस मामले में डेविड वॉर्नर 143 छक्कों के साथ पहले स्थान पर हैं। वहीं अभिषेक शर्मा 101 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं और 100 छक्के लगाने वाले भी सिर्फ दूसरे ही खिलाड़ी बन चुके हैं। इस लिस्ट में हेनरिक क्लासेन (90), केन विलियमसन (64) और ट्रेविस हेड (50) जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं, लेकिन अभिषेक अब इन सभी से आगे निकल चुके हैं और टीम के सबसे खतरनाक भारतीय बल्लेबाज के रूप में उभर रहे हैं।
आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज:
- डेविड वॉर्नर – 95 मैच, 143 छक्के (2014-2021)
- अभिषेक शर्मा – 76 मैच, 101 छक्के (2019-2026)
- हेनरिक क्लासेन – 44 मैच, 90 छक्के (2023-2026)
- केन विलियमसन – 76 मैच, 64 छक्के (2015-2022)
- ट्रेविस हेड – 30 मैच, 50 छक्के (2024-2026)
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 226 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम को अभिषेक शर्मा (48) और ट्रेविस हेड (46) ने तेज शुरुआत दिलाई, जिन्होंने पहले विकेट के लिए सिर्फ 5.4 ओवर में 82 रन जोड़ दिए। इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने 52 रन की अहम पारी खेलकर टीम के स्कोर को और मजबूत किया।