सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने धमाकेदार अंदाज में आईपीएल 2026 सीजन अपना पहला शतक पूरा किया। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में नितीश राणा के ओवर में लगातार दो छक्के जड़कर सेंचुरी पूरी की। उनकी इस पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और फैंस को रोमांच से भर दिया।
सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मंगलवार (21 अप्रैल) को खेले आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में अभिषेक शर्मा का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अभिषेक ने बेखौफ बल्लेबाजी करते हुए अपने करियर का यादगार शतक जड़ दिया।
पारी के 15वें ओवर में जब नितीश राणा गेंदबाजी करने आए, तब अभिषेक 92 रन पर खेल रहे थे। ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने सीधा लंबा छक्का जड़ दिया और 98 रन पर पहुंच गए। आमतौर पर बल्लेबाज यहां सिंगल लेकर शतक पूरा करना पसंद करते हैं, लेकिन अभिषेक ने अलग रास्ता चुना।
अगली ही गेंद पर उन्होंने फिर से बैकफुट पर जाकर जोरदार शॉट खेला और डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से लगातार दूसरा छक्का जड़ दिया। इसी के साथ उन्होंने 47 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। उनका यह बेबाक अंदाज फैंस को खूब पसंद आया।
अभिषेक ने इस मुकाबले में अंत तक नाबाद रहते हुए 68 गेंदों में 135 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। उनके साथ पारी के आखिरी के ओवरों में हेनरिक क्लासेन ने भी तेजी दिखाई और 13 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए। इन शानदार पारियों की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।