टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अभिषेक शर्मा ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींच लिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए इस बड़े मुकाबले में उन्होंने बेहद तेज अर्धशतक जड़कर टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक ने अपनी पारी को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि फाइनल में उन्होंने अपने नहीं बल्कि एक साथी खिलाड़ी के बल्ले से बल्लेबाजी की थी।

Advertisement

अहमदाबाद में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने खराब फॉर्म को पीछे छोड़ते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम इंडिया को धमाकेदार शुरुआत दिलाई। खास बात यह रही कि उनका अर्धशतक महज 18 गेंदों में आया, जो इस पूरे टूर्नामेंट का सबसे तेज अर्धशतक भी रहा।

Advertisement

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक शर्मा ने अपनी पारी से जुड़ा एक दिलचस्प राज भी बताया। उन्होंने खुलासा किया कि इस मुकाबले में उन्होंने अपने बल्ले से नहीं बल्कि भारतीय स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे के बल्ले से बल्लेबाजी की थी। अभिषेक ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैंने शिवम दुबे के बल्ले से बल्लेबाजी की, इसलिए दुबे का धन्यवाद। सुबह मुझे लगा कि कुछ अलग ट्राई करना चाहिए। शुभमन गिल टीम का हिस्सा नहीं थे, इसलिए मैं दुबे के पास गया और उनका बल्ला उठा लिया।”

अभिषेक ने यह भी बताया कि पिछले कुछ समय से वह मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, लेकिन टीम के साथियों का भरोसा उनके लिए बहुत मायने रखता था। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल उनके लिए शानदार रहे, लेकिन पिछले एक महीने से चीजें उम्मीद के मुताबिक नहीं चल रही थीं। इसके बावजूद टीम के सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने उन पर भरोसा बनाए रखा।

उन्होंने आगे कहा कि ऐसे समय में आपके आसपास के लोग बहुत अहम होते हैं। अगर टीम के साथी और कोच आपको बेहतर बनने के लिए प्रेरित करते रहें तो मुश्किल दौर से निकलना आसान हो जाता है। 

अगर फाइनल मुकाबले की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। ईशान किशन ने भी 25 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेलकर स्कोर को और मजबूत कर दिया।

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं पाई। टिम सेफर्ट ने 52 रन और कप्तान मिचेल सेंटनर ने 43 रन बनाकर जरूर संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने 96 रन से शानदार जीत दर्ज करते हुए तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार