IPL 2026, Sunrisers Hyderabad vs Delhi Capitals Highlights: हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में मंगलवार (21 अप्रैल) को खेले गए आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए SRH ने अभिषेक शर्मा की विस्फोटक शतकीय पारी की बदौलत 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में दिल्ली की टीम ईशान मलिंगा की घातक गेंदबाजी के चलते 195 रन तक ही पहुंच सकी।
आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने धमाकेदार शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 53 गेंदों में 97 रन जोड़कर मजबूत शुरुआत दी।
ट्रेविस हेड ने 26 गेंदों में 37 रन बनाए, लेकिन असली शो अभिषेक शर्मा ने चुराया। उन्होंने सिर्फ 47 गेंदों में शतक जड़ते हुए 68 गेंदों में नाबाद 135 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 10 छक्के शामिल रहे।
आखिरी के ओवरों में हेनरिक क्लासेन ने भी अक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 13 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए, जिसके चलते सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए गेंदबाजी में सिर्फ कप्तान अक्षर पटेल ही एकमात्र विकेट ले सके।
243 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और पथुम निसांका 8 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद केएल राहुल और नितीश राणा ने कुछ देर पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 86 रन की साझेदारी की। केएल राहुल ने 23 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि नितीश राणा ने 30 गेंदों में 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
इसके अलावा समीर रिजवी ने भी 28 गेंदों में 41 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन बढ़ते रनरेट के दबाव में टीम पीछे रह गई। अंत में दिल्ली कैपिटल्स 20 ओवर में 195 रन ही बना सकी और 47 रन से मुकाबला हार गई।
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए गेंदबाजी में ईशान मलिंगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 32 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि हर्ष दुबे ने 3 विकेट लिए। दिलशान मदुशंका और साकिब हुसैन को 1-1 सफलता मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद 8 अंकों के साथ अंकतालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को इस सीजन की तीसरी हार का सामना करना पड़ा और टीम अंकतालिका में फिल्हाल 6 अंको के साथ 5वें पायदान पर है।