IPL 2026, Lucknow Super Giants vs Royal Challengers Bengaluru Highlights: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में गुरुवार (7 मई) को खेले गए बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 9 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए LSG ने मिचेल मार्श के तूफानी शतक की बदौलत 19 ओवर में 209 रन बनाए। DLS नियम के तहत मिले 213 रन के लक्ष्य के जवाब में RCB की टीम जोरदार कोशिश के बावजूद 19 ओवर में 203 रन ही तक ही पहुंच सकी।
आईपीएल 2026 के 50वे मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। बारिश के चलते मैच प्रभावित हुआ, जिसके बाद मुकाबले को 19-19 ओवर का कर दिया गया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स को मिचेल मार्श ने युवा बल्लेबाज अर्शिन कुलकर्णी के साथ मिलकर शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 56 गेंदों में 95 रन की साझेदारी हुई। अर्शिन कुलकर्णी ने 24 गेंदों में 17 रन बनाए, जबकि दूसरी तरफ मार्श लगातार आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते रहे।
इसके बाद निकोलस पूरन ने भी मार्श का अच्छा साथ निभाया और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 70 रन जोड़े। मार्श ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंदों में 111 रन ठोक दिए, जिसमें 9 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। वहीं पूरन ने 23 गेंदों में 38 रन बनाए।
आखिरी के ओवरों में कप्तान ऋषभ पंत ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 10 गेंदों में नाबाद 32 रन ठोक दिए, जिसके चलते लखनऊ सुपर जायंट्स ने 19 ओवर में 209 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। DLS नियम के तहत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को जीत के लिए 213 रन का लक्ष्य मिला था।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए गेंदबाजी में जोश हेजलवुड, रसिख सलाम और क्रुणाल पांड्या ने 1-1 विकेट हासिल किया।
इस मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने दो ओवर के अंदर ही जैकब बेथेल (4) और विराट कोहली (0) के विकेट गंवा दिए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 53 गेंदों में 95 रन की शानदार साझेदारी की।
रजत पाटीदार ने 31 गेंदों में 61 रन की तेज पारी खेली, वहीं देवदत्त पडिक्कल ने भी 31 गेंदों में 61 रन बनाए। इसके बाद टिम डेविड ने 17 गेंदों में 40 रन ठोककर टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
Also Read: LIVE Cricket Score
आखिरी ओवरों में क्रुणाल पांड्या ने 16 गेंदों में नाबाद 28 रन और रोमारियो शेफर्ड ने 15 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। आखिरी ओवर में RCB को जीत के लिए 20 रन चाहिए थे, लेकिन दिग्वेश राठी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 10 रन दिए और लखनऊ सुपर जायंट्स को 9 रन से रोमांचक जीत दिला दी।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं शाहबाज अहमद को 2 विकेट मिले। इसके अलावा मोहम्मद शमी ने 1 सफलता हासिल की।