IPL 2026, Lucknow Super Giants vs Kolkata Knight Riders: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के इस रोमांचक मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सुपर ओवर में लखनऊ सुपर जायंट्स को हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने रिंकू सिंह की बेबाक पारी के चलते 155 रन बनाए, जिसके जवाब में LSG भी बराबरी पर पहुंच गई और मैच टाई हो गया। सुपर ओवर में सुनील नारायण ने शानदार गेंदबाजी कर मैच लगभग KKR के पक्ष में डाल दिया।
आईपीएल 2026 के 38वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए। टिम सेफर्ट बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि कप्तान अजिंक्य रहाणे 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद अंगकृष रघुवंशी 9 रन पर ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड के तहत आउट हुए और रोवमैन पॉवेल भी सिर्फ 1 रन बना सके। टीम लगातार दबाव में रही, हालांकि कैमरून ग्रीन ने 21 गेंदों में 34 रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की। आखिरी ओवरों में रिंकू सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में नाबाद 83 रन ठोक दिए, जिसमें 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी की बदौलत KKR ने 20 ओवर में 155 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए गेंदबाजी में मोहसिन खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके, जो इस सीजन का पहला पांच विकेट हॉल रहा। जॉर्ज लिंडे को भी 1 सफलता मिली।
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स को शुरुआती झटका मिचेल मार्श (2) के रुप में जल्दी ही लग गया। इसके बाद एडेन मार्कराम और ऋषभ पंत ने दूसरे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। मार्कराम ने 31 रन और पंत ने 42 रन की पारी खेली। आयुष बदोनी ने 19 रन और हिम्मत सिंह ने 19 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
आखिरी ओवर में लखनऊ को जीत के लिए 17 रन चाहिए थे। कार्तिक त्यागी के इस ओवर में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला और उन्होंने इस ओवर में दो गेंदें नो बॉल डाल दी। आखिरी गेंद पर जीत के लिए 7 रन चाहिए थे, जहां मोहम्मद शमी ने शानदार छक्का लगाकर मैच को टाई कर दिया और मुकाबला सुपर ओवर में पहुंच गया।
Also Read: LIVE Cricket Score
सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स पूरी तरह दबाव में दिखी और सिर्फ 1 रन ही बना सकी। सुनील नारायण ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए पहली ही गेंद पर निकोलस पूरन (0) और फिर तीसरी गेंद पर एडेन मार्कराम (0) को भी आउट कर दिया। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए बल्लेबाजी करने उतरे रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका जड़कर मैच खत्म कर दिया और मुकाबला KKR की झोली में डाल दिया।