IPL 2026, Mumbai Indians vs Chennai Super Kings Highlights: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार (23 अप्रैल) को खेले गए आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 103 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए CSK ने 207 रन बनाए, जिसके जवाब में MI की टीम 104 रन पर ही ढेर हो गई। संजू सैमसन के शानदार शतक और अकील हुसैन की घातक गेंदबाजी ने मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।
आईपीएल 2026 के 33वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत ठीक-ठाक रही, लेकिन टीम को एक बड़ी पारी की जरूरत थी।
कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 14 गेंदों में 22 रन बनाए, जबकि सरफराज खान 14 रन बनाकर आउट हो गए। डेवाल्ड ब्रेविस ने 21 रन और कार्तिक शर्मा ने 18 रन का योगदान दिया, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
ऐसे में संजू सैमसन ने एक छोर संभालते हुए जिम्मेदारी उठाई और 54 गेंदों में नाबाद 101 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 207 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
मुंबई इंडियंस के लिए गेंदबाजी में अल्लाह गजनफर और अश्विनी कुमार ने 2-2 विकेट लिए, जबकि मिचेल सैंटनर और जसप्रीत बुमराह को 1-1 सफलता मिली।
208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। दानिश मलेवर और नमन धीर खाता खोले बिना आउट हो गए, जबकि क्विंटन डी कॉक 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने चौथे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 29 गेंदों में 37 रन जोड़े।
हालांकि इस साझेदारी के टूटते ही मुंबई की पूरी टीम बिखर गई। बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और टीम के 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए। नतीजा यह रहा कि मुंबई इंडियंस 19 ओवर में 104 रन पर ही सिमट गई।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए गेंदबाजी में अकील हुसैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट झटके। नूर अहमद को 2 विकेट मिले, जबकि जेमी ओवरटन, गुरजपनीत सिंह, अंशुल कंबोज और मुकेश चौधरी ने 1-1 विकेट हासिल किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह चेन्नई सुपर किंग्स ने 103 रन से बड़ी जीत दर्ज की और अंकतालिका में अब 6 अंकों के साथ 5वें पायदान पर आ गई है। वहीं मुंबई इंडियंस को इस सीजन 5वीं हार का सामना करना पड़ा और 4 अंकों के साथ 8वें पायदान पर है।