टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों का जश्न देखते ही बन रहा था।  टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद खिलाड़ी मैदान पर जमकर मस्ती करते नजर आए। इसी दौरान ईशान किशन और हार्दिक पांड्या तिरंगे के साथ डांस करते दिखाई दिए। खास बात यह रही कि अदिति हुंडिया और माहिका शर्मा भी इस जश्न को करीब से देख रही थीं।

Advertisement

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया। रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली इस बड़ी जीत के बाद पूरे मैदान में जश्न का माहौल था। भारतीय खिलाड़ी तिरंगे के साथ मैदान का चक्कर लगाते हुए फैंस के साथ जीत का जश्न मनाते नजर आए।

Advertisement

इसी दौरान एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला जब भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या तिरंगा लेकर मैदान में डांस करते दिखाई दिए। दोनों खिलाड़ियों का यह जश्न कैमरे में कैद हो गया और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इस जश्न के दौरान अदिति हुंडिया और माहिका शर्मा भी पास में ही खड़ी नजर आईं। अदिति हुंडिया को लंबे समय से ईशान किशन की रूमर्ड गर्लफ्रेंड बताया जाता है और वह लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भी वह स्टैंड्स से टीम इंडिया और खासकर ईशान किशन को चीयर करती दिखाई दी थीं। मैच के बाद उनके कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं, जिसके बाद फैंस उन्हें ईशान की गर्लफ्रेंड बताने लगे।

वहीं माहिका शर्मा को भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की गर्लफ्रेंड बताया जाता है। पूरे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान वह हार्दिक के साथ कई बार नजर आईं। कई मुकाबलों में स्टेडियम में मौजूद रहकर उन्होंने टीम इंडिया और खास तौर पर हार्दिक पांड्या का समर्थन किया। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल में भी वह वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद थीं और उनके साथ हार्दिक के बेटे अगस्त्य भी दिखाई दिए थे।

अगर फाइनल मुकाबले की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। ईशान किशन ने भी 25 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेलकर स्कोर को और मजबूत कर दिया।

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं पाई। टिम सेफर्ट ने 52 रन और कप्तान मिचेल सेंटनर ने 43 रन बनाकर जरूर संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने 96 रन से शानदार जीत दर्ज करते हुए तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार