टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया के दो स्टार खिलाड़ी वरुण चक्रवर्ती और वाशिंगटन सुंदर आध्यात्मिक यात्रा पर निकल पड़े। दोनों खिलाड़ियों ने तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई में 14 किलोमीटर लंबा गिरिवलम पूरा कर अपनी मन्नत पूरी की।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की शानदार जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार ये खिताब अपने नाम किया।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया के स्टार मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर ने अपनी एक खास मन्नत पूरी की। बुधवार (11 मार्च) को दोनों खिलाड़ी तमिलनाडु के पवित्र शहर तिरुवन्नामलाई पहुंचे, जहां उन्होंने अरुणाचल पहाड़ी के चारों ओर होने वाले 14 किलोमीटर लंबे गिरिवलम की परिक्रमा की।
गिरिवलम एक सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा है, जिसमें श्रद्धालु अरुणाचल पहाड़ी के चारों ओर घड़ी की दिशा में पैदल परिक्रमा करते हैं। इस पहाड़ी को भगवान शिव का स्वरूप माना जाता है और हर साल हजारों भक्त यहां आकर यह परिक्रमा करते हैं। बताया जा रहा है कि वरुण चक्रवर्ती और वाशिंगटन सुंदर ने टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले यह मन्नत मांगी थी कि अगर भारत खिताब जीतता है तो वे यहां आकर गिरिवलम करेंगे। इसी वचन को निभाने के लिए दोनों खिलाड़ी तिरुवन्नामलाई पहुंचे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दोनों खिलाड़ी बेहद साधारण कपड़ों में नजर आ रहे हैं और हजारों श्रद्धालुओं के साथ 14 किलोमीटर की परिक्रमा पूरी करते दिखाई दे रहे हैं। कई फैंस और स्थानीय लोगों ने जब उन्हें पहचाना तो उनकी सादगी और विनम्रता की जमकर तारीफ की।
इस धार्मिक यात्रा का केंद्र अरुणाचलेश्वरर मंदिर है, जो भारत के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण शिव मंदिरों में से एक माना जाता है। गिरिवलम पूरा करने के बाद दोनों खिलाड़ी मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।