Ajinkya Rahane All Time Test XI: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने भारत की ऑल टाइम टेस्ट इलेवन का चुनाव किया। उनकी इस टीम में सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और महेद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को जगह मिली है। हालांकि, इस टीम में विराट कोहली (Virat Kohli), रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) जैसे बड़े नाम शामिल नहीं हैं।
दरअसल, अजिंक्य रहाणे सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के एक शो ‘अजब सवाल गजब जवाब’ में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्हें टेबल में रखे गए कुछ कार्डों में से एक कार्ड चुनने के लिए कहा गया, जिसमें भारत की ऑल टाइम टेस्ट इलेवन बनाने का सवाल था। इस टीम में उनके साथ इंटरनेशनल या घरेलू क्रिकेट खेल चुके खिलाड़ियों को शामिल करना था। साथ ही टीम चुनते समय एक कप्तान और एक विकेटकीपर को शामिल करना भी जरूरी था।
रहाणे ने अपनी टीम में सबसे पहले एमएस धोनी को कप्तान और विकेटकीपर के रूप में चुना। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके पहले कप्तान थे। इसके बाद उन्होंने टीम के लिए ओपनिंग की जिम्मेदारी मुरली विजय और शिखर धवन को सौंपी। वहीं, तीसरे नंबर पर राहुल द्रविड़ और चौथे नंबर पर सचिन तेंदुलकर को रखा।
पांचवें नंबर के लिए रहाणे ने खुद को चुना, जबकि एमएस धोनी को छठे नंबर पर रखा। इसके बाद स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन को मिली। तेज गेंदबाजी के लिए रहाणे ने भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी और इशांत शर्मा को अपनी टीम में शामिल किया।
रहाणे की इस टीम में भारतीय टेस्ट क्रिकेट के कई अनुभवी और दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं। हालांकि, विराट कोहली, रोहित शर्मा और मौजूदा दौर के सबसे खतरनाक गेंदबजों में से एक जसप्रीत बुमराह जैसे बड़े खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
अजिंक्य रहाणे की भारत की ऑल टाइम टेस्ट इलेवन
मुरली विजय, शिखर धवन, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, अजिंक्य रहाणे, एमएस धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी और इशांत शर्मा।