IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच के लिए पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा (Akash Chopra) ने टीम इंडिया की अपनी पसंदीदा प्लेइंग इलेवन चुनी है, जिसमें उन्होंने श्रीलंका की परिस्थितियों को देखते हुए तीन स्पिन और दो तेज गेंदबाजों को शामिल किया है।
आकाश चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस टीम का चयन करते हुए केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल की अपनी सलामी जोड़ी के तौर पर चुना है। नंबर-3 पर चोपड़ा ने देवदत्त पडिक्कल को मौका दिया है। साईं सुदर्शन के चोटिल होने के बाद पडिक्कल को इस स्थान पर खेलने का मौका मिलने की संभावना बढ़ गई है। उनके बाद कप्तान शुभमन गिल को नंबर-4 और ऋषभ पंत को नंबर-5 पर रखा गया है।
सरफराज खान की वापसी के बाद नंबर-6 के लिए मुकाबला दिलचस्प हो गया है। सरफराज ने साईं सुदर्शन के रिप्लेसमेंट के तौर पर टेस्ट टीम में वापसी की है, लेकिन आकाश चोपड़ा ने इस जगह पर उनके बजाय ध्रुव जुरेल को चुना है। चोपड़ा ने स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ जुरेल की बल्लेबाजी क्षमता को देखते हुए उन्हें तरजीह दी है।
इसके बाद चोपड़ा ने लेफ्ट ऑर्म स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और मानव सुथार को नंबर-7 और नंबर-8 पर रखा है। वहीं बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव को नंबर-9 पर शामिल करके उन्होंने टीम में तीन स्पिन गेंदबाजों को जगह दी है। तेज गेंदबाजी विभाग में चोपड़ा ने मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को चुना है।
आकाश चोपड़ा की इस प्लेइंग इलेवन में सरफराज खान के अलावा सरांश जैन, ओकिब नबी और गुरनूर बराड़ को जगह नहीं मिल पाई। अब देखना होगा कि भारतीय टीम मैनेजमेंट गाले टेस्ट में किस संयोजन के साथ मैदान पर उतरता है।
Also Read: LIVE Cricket Score
आकाश चोपड़ा की भारत की संभावित प्लेइंग XI:
केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज।