आईपीएल 2026 में खिलाड़ियों के अनोखे सेलिब्रेशन का सिलसिला जारी है। इस बार लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा तेज गेंदबाज आकाश सिंह ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी के साथ अपने खास नोट वाले सेलिब्रेशन से सुर्खियां बटोरीं।
आईपीएल 2026 का 59वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच शुक्रवार (15 मई) को लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में LSG के 24 साल के युवा तेज गेंदबाज आकाश सिंह ने अपनी गेंदबाजी और अनोखे सेलिब्रेशन से सभी का ध्यान खींच लिया।
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर चेन्नई की पारी के चौथे ओवर में आकाश सिंह ने चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को अपना शिकार बनाया। ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने बैक ऑफ लेंथ गेंद डाली, जिस पर ऋतुराज पुल शॉट खेलने गए। हालांकि गेंद बल्ले पर सही तरीके से नहीं आई और मिड ऑन पर खड़े निकोलस पूरन ने आसान कैच पकड़ लिया। ऋतुराज की पारी 9 गेंदों में 13 रन बनाकर समाप्त हुई और CSK को पावरप्ले के अंदर बड़ा झटका लगा।
वहीं विकेट लेने के बाद आकाश ने अपनी जेब से एक छोटा सा पेपर निकाला, जिस पर लिखा था, “Akki On Fire - Akash knows how to take wickets in T20 game.” उनका यह अंदाज देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
आकाश सिंह यहीं नहीं रुके। उन्होंने अपने अगले ओवर में एक और बड़ा विकेट निकालकर चेन्नई की मुश्किलें बढ़ा दीं। पारी के छठे ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने संजू सैमसन को भी चलता कर दिया। आकाश ने शरीर की तरफ बैक ऑफ लेंथ गेंद डाली, जिस पर संजू स्क्वायर लेग के ऊपर शॉट खेलना चाहते थे। हालांकि गेंद ज्यादा दूरी तय नहीं कर सकी और डीप स्क्वायर लेग पर मौजूद मुकुल चौधरी ने आसान कैच पकड़ लिया। संजू सैमसन 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे और CSK को पावरप्ले में दूसरा बड़ा झटका लग गया। इस विकेट के बाद एक फिर आकाश ने वही नोट निकालकर सेलिब्रेट किया।
गौरतलब है कि इस सीजन खिलाड़ियों के नोट वाले सेलिब्रेशन काफी चर्चा में रहे हैं। इससे पहले मुंबई इंडियंस के रघु शर्मा और चेन्नई सुपर किंग्स के उर्विल पटेल भी अपने खास मैसेज वाले सेलिब्रेशन को लेकर सुर्खियों में आ चुके हैं। इस मुकाबले में आकाश सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 26 रन देकर 3 विकेट झटके।