Australia Women vs India Women, 3rd ODI: ऑस्ट्रेलिया की कप्तान और स्टार बैटर एलिसा हीली (Alyssa Healy) ने रविवार (1 मार्च) को होबार्ट के बेलेरिव ओवल में भारत के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे मैच में शानदार पारी से इतिहास रच दिया।
अपने वनडे इंटरनेशनल करियर के आखिरी मुकाबले में शतक जड़ते हुए हीली ने 98 गेंदों में 161.22 की स्ट्राईक रेट से 158 रन की पारी खेली, जिसमें 27 चौके और 2 छक्के जड़े। इस शतकीय पारी के साथ हीली ने खास रिकॉर्ड बना दिए।
हीली दुनिया की दूसरी महिला क्रिकेटर बन गई हैं, जिन्होंने अपने करियर के आखिरी वनडे मैच में शतक जड़ने का कारनामा किया है। उनसे पहले 2007 में साउथ अफ्रीका की जोहमारी लोगटेनबर्ग ने नीदरलैंड के खिलाफ अपने वनडे करियर के आखिरी मैच में शतक लगाकर नाबाद 153 रन की पारी खेली थी। हालांकि आखिरी मैच में बेस्ट स्कोर का रिकॉर्ड उनके नाम हो गया है।
इसके अलावा वह बतौर कप्तान महिला वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है।
भारत के खिलाफ वनडे में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड भी हीली ने अपने नाम कर लिया है। उन्होंने स्टेफनी टेलर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2006 में भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में नाबाद 156 रन की पारी खेली थी।
Also Read: LIVE Cricket Score
बता दें कि हीली ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि वह भारत के खिलाफ सीरीज के बाद संन्यास ले लेंगी। अब हीली भारत के खिलाफ एकमात्र मैच में ऑस्ट्रेलिया टीम का हिस्सा हैं जो उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच होगा।