जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर और अनुभवी कोच एंडी फ्लावर ने इंग्लैंड टेस्ट टीम के हेड कोच पद की दौड़ से खुद को अलग कर लिया है। फ्लावर ने इस पद को लेकर इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की समेत अधिकारियों से कई दौर की बातचीत की, लेकिन उन्होंने इस भूमिका को स्वीकार नहीं करने का फैसला किया।
वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और द हंड्रेड में लंदन स्पिरिट के हेड कोच के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहना चाहते हैं। ऐसे में अब ईसीबी को नए कोच की तलाश जारी रहेगी।
लंदन स्पिरिट के मीडिया डे पर फ्लावर ने कहा, "मेरे लिए सबसे अहम बात यह है कि मैं अभी जो काम कर रहा हूं, उससे बहुत खुश हूं... मैं अपने काम से पूरी तरह सहज हूं।”
Also Read: LIVE Cricket Score
" उन्होंने आगे कहा, "हां, मैंने खुद को इस दौड़ (इंग्लैंड के हेड कोच) से बाहर कर लिया है।"
ब्रैंडन मैकुलम को इंग्लैंड टीम के हेड कोच पद से हटाए जाने के बाद फ्लावर इस रोल की रेस में सबसे आगे माने जा हे थे। उन्होंने पहले 2009 से 2014 के बीच इंग्लैंड को कोचिंग दी थी और इस दौरान घरेलू और विदेशी एशेज़ सीरीज़ के साथ-साथ भारत का दौरा भी जीता था। इसके बाद उन्होंने टी-20 फ़्रैंचाइज़ी सर्किट में बड़ी सफलता हासिल की है और हाल ही में आरसीबी के साथ लगातार आईपीएल खिताब जीते हैं।
जब उनसे इंग्लैंड के साथ दोबारा काम करने में दिलचस्पी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा: "हां, ज़ाहिर है कि इस समय इस बारे में बात हो रही है। हां, मैंने ECB से बात की है। हम सभी जानते हैं कि इंग्लैंड की नेशनल टीम के हेड कोच का पद खाली है, और मैंने इस बारे में रॉब की और ईसीबी से बात की।”
"मेरे लिए असल बात यह है कि मैं अभी जो काम कर रहा हूं, उससे बहुत खुश हूं। मैं कुछ बहुत अच्छे संगठनों के लिए काम करता हूं। मेरे आस-पास बहुत अच्छी टीमें और अच्छे लोग हैं और मैं अभी जो काम कर रहा हूं, उसमें बहुत सहज महसूस करता हूं।
"मैंने पहले भी इंग्लैंड के साथ काम किया है और जब मुझे कुछ साल पहले इंग्लैंड का हेड कोच बनने और एक लीडर के तौर पर इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला था, तो वह समय बहुत शानदार था। मुझे वे साल बहुत अच्छे से याद हैं, और टेस्ट कोच बनना मेरे या किसी और के लिए सम्मान की बात होगी।
"लेकिन अभी मेरे लिए, मैं जो काम कर रहा हूं, उसमें बहुत सहज हूं। मैं वही काम करता रहूंगा।"