आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिला है। चोटिल हर्षित राणा पूरे सीजन से बाहर हो गए थे। ऐसे में उनकी जगह टीम ने अनुभवी तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को शामिल किया है। KKR ने लगातार दूसरे रिप्लेसमेंट के जरिए अपनी स्क्वॉड को मजबूत करने की कोशिश की है।
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा गया था। टीम के स्टार तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के चलते इस सीजन से बाहर हो गए थे। जिसके चलते फ्रेंचाइजी ने बुधवार (25 मार्च) को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर नवदीप सैनी को टीम में शामिल किया है।
हर्षित राणा को IPL 2025 मेगा ऑक्शन से पहले KKR ने 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था, लेकिन वह इस बार टीम के लिए खेल नहीं पाएंगे। उन्हें फरवरी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वॉर्म-अप मैच के दौरान चोट लगी थी, जिसके चलते वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।
33 वर्षीय नवदीप सैनी भारतीय टीम के लिए 2 टेस्ट, 8 वनडे और 11 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। वह घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं और आईपीएल में इससे पहले 2022 और 2023 का सीजन राजस्थान रॉयल्स और 2019 से 2021 तक के सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए भी खेल चुके हैं।
आईपीएल करियर की बात करें तो सैनी ने अब तक 32 मैचों में 23 विकेट हासिल किए हैं। KKR ने उन्हें 75 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है और उनसे इस सीजन बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि यह आईपीएल 2026 से पहले KKR का यह दूसरा रिप्लेसमेंट है। इससे पहले टीम ने आकाश दीप की जगह सौरभ दुबे को स्क्वॉड में शामिल किया था। ऐसे में टीम मैनेजमेंट लगातार अपनी स्क्वॉड को बैलेंस करने में जुटा हुआ है।