Anrich Nortje Five Wicket Haul Video: यूरोपियन प्रीमियर लीग 2026 (European T20 Premier League 2026) का छठा मुकाबला बीते शनिवार, 29 अगस्त को वूरबर्ग के स्पोर्टपार्क डुइवेस्टीन में खेला गया था जो कि बारिश के कारण पूरा नहीं सका। गौरतलब है कि इसी बीच रॉटरडैम डॉकर्स (Rotterdam Dockers) के तेज गेंदबाज़ एनरिक नॉर्खिया (Anrich Nortje) ने अपनी घातक गेंदबाज़ी से बेलफ़ास्ट वॉल्व्स (Belfast Wolves) की बैटिंग को तहस-नहस कर दिया और विकेटों का पंजा खोला।
एनरिक नॉर्खिया ने लिए 5 विकेट: साउथ अफ्रीका के 32 वर्षीय तेज गेंदबाज़ एनरिक नॉर्खिया विपक्षी बल्लेबाज़ों को अपनी रफ्तार से डराकर आउट करते हैं। वो तेज यॉर्कर और खतरनाक बाउंसर डालकर बल्लेबाज़ों के होश उड़ाते हैं। ETPL के मुकाबले में भी ऐसा ही देखने को मिला। उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 5 विकेट चटकाए।
नॉर्खिया ने बेलफ़ास्ट वॉल्व्स के टॉप ऑर्डर के चार बल्लेबाज़ टिम टेक्टर (16 गेंदों पर 14 रन), डेवोन कॉनवे (29 गेंदों पर 41 रन), हैरी मानेन्टी (28 गेंदों पर 30 रन) और लोर्कन टकर (01 गेंद पर 00 रन) का विकेट लिया। इसके अलावा उन्होंने विपक्षी कैप्टन ग्लेन मैक्सवेल (05 गेंदों पर 07 रन) जो कि नंबर-6 पर बैटिंग करने मैदान पर आए थे, उन्हें आउट करके पवेलियन भेजा।
टी20 में पहला 5 विकेट हॉल: 32 वर्षीय एनरिक नॉर्खिया ने साल 2013 में अपने टी20 करियर की शुरुआत की थी। इस फॉर्मेट में वो 173 मुकाबले खेल चुके हैं। उन्होंने 13 साल बाद टी20 में अपना पहला 5 विकेट हॉल हासिल किया है। टी20 इंटरनेशनल में नॉखिया के नाम कोई भी 5 विकेट हॉल दर्ज नहीं है। हालांकि उन्होंने टेस्ट में 4 बार और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 9 बार ये कारनामा किया है। बताते चलें कि टी20 फॉर्मेट में वो 220 विकेट ले चुके हैं।
मैच का हाल: वूरबर्ग के मैदान पर Belfast Wolves ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया था जिसके बाद उन्होंने अपनी पारी के 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 156 रन बनाए। उनके लिए सलामी बल्लेबाज़ डेवोन कॉनवे (29 गेंदों पर 41 रन), हैरी मानेन्टी (28 गेंदों पर 30 रन), और मार्क चैमपैन (21 गेंदों पर 29) ने अहम रन जोड़े।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में Rotterdam Dockers ने अपनी पारी के पहले ओवर में बिना कोई विकेट खोए 5 रन बना लिए थे, लेकिन फिर बारिश ने खेल में खलल डालना शुरू कर दिया। काले बादल ऐसे बरसे की खेल को पूरी तरह ही रोकना पड़ा और ये मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ।