चेन्नई सुपर किंग्स के तेज़ गेंदबाज़ अंशुल कंबोज इन दिनों सोशल मीडिया पर अपनी गेंदबाज़ी से ज्यादा अपने हमशक्ल की वजह से चर्चा में हैं। ये मामला तब शुरू हुआ जब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के शपथ ग्रहण समारोह का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में मंच के पास खड़ा एक पुलिस अधिकारी बिल्कुल अंशुल कंबोज जैसा दिख रहा था।
कंबोज के इस हमशक्ल के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने कहना शुरू कर दिया कि अंशुल क्रिकेट छोड़कर पुलिस ड्यूटी करने पहुंच गए हैं। फैंस ने मीम्स और मजेदार पोस्ट्स की बाढ़ ला दी। यहां तक कि आर अश्विन ने भी मजाकिया अंदाज में इस पर रिएक्ट किया। बाद में सीएसके ने भी फैंस के साथ मजे लेते हुए साफ किया कि असली अंशुल तो चेपॉक में टीम के साथ प्रैक्टिस कर रहे थे।
अब सबसे मजेदार बात ये रही कि अंशुल आखिरकार अपने उस वायरल हमशक्ल से मिल भी चुके हैं। सीएसके ने दोनों की मुलाकात का वीडियो शेयर किया, जिसमें दोनों हंसते-मुस्कुराते नजर आए। वीडियो में अंशुल ने भी माना कि पुलिस अधिकारी उनसे काफी मिलता-जुलता दिखता है। उन्होंने मजाक में कहा कि अगर वो टोपी उतार दे तो शायद और ज्यादा समानता नजर आए।
Also Read: LIVE Cricket Score
अंशुल ने बताया कि उनके इंस्टाग्राम पर भी लगातार लोग वही मीम्स भेज रहे थे और पूछ रहे थे कि “तुम वहां क्या कर रहे थे?” उन्होंने हंसते हुए कहा कि उन्हें खुद समझ नहीं आ रहा था कि सोशल मीडिया पर क्या चल रहा है। फिलहाल अंशुल कंबोज का फोकस मैदान पर शानदार प्रदर्शन जारी रखने पर है। इस सीजन में वो सीएसके के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में से एक रहे हैं। 11 मैचों में 19 विकेट लेकर उन्होंने टीम को प्लेऑफ की रेस में बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।