रोहित शर्मा को विराट कोहली की जगह वनडे टीम का कप्तान नियुक्त कर दिया गया है। कुछ समय पहले ही रोहित शर्मा को टी-20 का कप्तान बनाया गया था। विराट कोहली के कप्तानी से हटने के बाद से इन अटकलों को और जोर मिल गया कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच सबकुछ ठीक नहीं और दोनों के रिश्तों के बीच खटास है।
इसी सवाल के जवाब में अनुराग ठाकुर ने कहा, 'खेल सर्वोपरि है। कोई भी खेल से बड़ा नहीं होता। मैं आपको जानकारी नहीं दे सकता कि किस खेल में खिलाड़ियों के बीच क्या चल रहा है। यह जिम्मेदारी संबंधित संघों फेडरेशन ऐसासिएशंस की है। वो जानकारी दे तो सही होगा।'
वहीं रोहित संग अपने रिश्तों पर बोलते हुए विराट कोहली ने वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'मेरे और रोहित शर्मा के बीच कोई समस्या नहीं है। मैंने पिछली कितनी बार इन बातों को लेकर जवाब दिया है। मैं पिछले 2.5 सालों से स्पष्ट कर रहा हूं कि ऐसा कुछ नहीं है। मैं सचमुच थक गया हूं।'
बता दें कि विराट कोहली वनडे क्रिकेट में भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने 95 वनडे मुकाबले खेले जिसमें भारत ने 65 मुकाबलों में जीत दर्ज की वहीं 27 मुकाबले में टीम को हार का सामना करना पड़ा। इस दौरान टीम इंडिया का विन पर्सेंटेज 70.43 का रहा।