क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने मुंबई टी-20 लीग 2026 में अपने प्रदर्शन से धूम मचा दी। वानखेड़े स्टेडियम में बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ ARCS अंधेरी के लिए खेलते हुए, अर्जुन ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। पहले गेंदबाजी करते हुए अंधेरी ने बांद्रा को 20 ओवर में सिर्फ़ 144 के स्कोर पर रोक दिया।
तेंदुलकर ने अपनी बाएं हाथ की तेज़ गेंदबाजी से 3 ओवर में 11 रन देकर 3 विकेट लिए। इतना ही नहीं, जब वो नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आए, तो उन्होंने चार चौके और पांच छक्के लगाए और 34 गेंदों में 66 रन बनाकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में 50 रन पूरे किए। उनकी इस पारी के चलते अंधेरी ने 13.5 ओवर में मैच जीत लिया और तेंदुलकर को 'मैन ऑफ़ द मैच' चुना गया।
अर्जुन ने हाल ही में लखनऊ सुपर जाइंट्स के लिए आईपीएल 2026 में डेब्यू किया था। उन्होंने केवल एक मैच खेला, जिसमें 1 विकेट लिया और 5 रन बनाए। कुल मिलाकर आईपीएल में उन्होंने 6 मैच खेले हैं, जिसमें 18 रन बनाए हैं और 4 विकेट लिए हैं। बेशक बड़े स्टेज पर अर्जुन को अभी तक उतने मौके नहीं मिले हैं लेकिन घरेलू टूर्नामेंट्स में वो अपने प्रदर्शन से लगातार सभी का ध्यान खींच रहे हैं और अगर वो निरंतरता से ऐसा प्रदर्शन करते रहे तो शायद वो दिन दूर नहीं जब वो बड़े स्टेज पर भी नजर आएं।
Also Read: LIVE Cricket Score
अर्जुन की तुलना अक्सर उनके पिता से होती रहती है और इसका दबाव भी उन पर कई बार देखने को मिला है लेकिन ऐसा लगता है कि शादी के बाद अर्जुन एक अलग खिलाड़ी बन गए हैं और वो लगातार क्रिकेट के मैदान पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या वो अपने इस प्रदर्शन को आगे आने वाले मैचों में भी जारी रख पाते हैं या नहीं।