आईपीएल 2026 के मुकाबले में पंजाब किंग्स के लिए खेल रहे भारतीय स्टार लेफ्ट ऑर्म तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने 11 गेंदों का ओवर फेंक दिया, जो IPL के सबसे लंबे ओवरों की लिस्ट में शामिल हो गया। इस ओवर में कई वाइड और नो-बॉल ने उनका लय बिगाड़ा और उनका नाम अब एक खराब रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है।
मंगलवार (31 मार्च) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस आमने-सामने हैं। मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में अर्शदीप ने 11 गेंदों का ओवर डालकर IPL इतिहास के सबसे लंबे ओवरों की लिस्ट में अपनी जगह बना ली।
गुजरात टाइटंस की पारी के आखिरी ओवर में अर्शदीप को गेंदबाजी सौंपी गई थी, लेकिन वह अपनी लाइन-लेंथ पर कंट्रोल नहीं रख सके। इस ओवर में उन्होंने 5 वाइड और 1 नो-बॉल फेंकी, जिसके चलते ओवर 11 गेंदों तक चला गया। अर्शदीप से पहले भी IPL में कई गेंदबाज इस तरह का अनचाहा रिकॉर्ड बना चुके हैं। मोहम्मद सिराज, तुषार देशपांडे, शार्दुल ठाकुर, संदीप शर्मा और हार्दिक पांड्या जैसे गेंदबाज भी 11 गेंदों का ओवर डाल चुके हैं। सिराज ने 2023 में सबसे पहले यह रिकॉर्ड बनाया था और अब अर्शदीप भी इस अनचाहे रिकॉर्ड में अपना नाम जोड़ चुके हैं।
IPL में गेंदों के हिसाब से सबसे बड़ा ओवर डालने वाले गेंदबाज
- 11 गेंद – मोहम्मद सिराज (RCB vs MI, 2023)
- 11 गेंद – तुषार देशपांडे (CSK vs LSG, 2023)
- 11 गेंद – शार्दुल ठाकुर (LSG vs KKR, 2025)
- 11 गेंद – संदीप शर्मा (RR vs DC, 2025)
- 11 गेंद – हार्दिक पांड्या (MI vs GT, 2025)
- 11 गेंद – अर्शदीप सिंह (PBKS vs GT, 2026)
मैच में अर्शदीप का दिन इस मुकाबले में कुछ अच्छा नहीं रहा। उन्होंने अपने 4 ओवर में 42 रन खर्च किए और कोई विकेट भी हासिल नहीं कर पाए। उनका इकॉनमी रेट 10.50 रहा, जो टीम के किसी भी गेंदबाज से सबसे ज्यादा था।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी कुछ खास नहीं रही और टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। शुभमन गिल (39 रन) और जोस बटलर (38 रन) ही कुछ हद तक टिक पाए। वहीं पंजाब किंग्स के लिए विजय कुमार वैशाख ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट झटके और टीम को मुकाबले में मजबूत स्थिति में ला दिया।