चोट से बेहाल भारतीय क्रिकेट टीम शुक्रवार को यहां शुरु हुए चौथे टेस्ट में चार बदलाव करने को मजबूर हुई। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, स्पिनर रविचंद्रन अश्विन, बल्लेबाज हनुमा विहारी और ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा बाहर हुए हैं जबकि तमिलनाडु के टी. नटराजन और वॉशिंगटन सुंदर डेब्यू कर रहे हैं।
इसके अलावा तेज गेंदबाज शार्दूल ठाकुर और बल्लेबाज मयंक अग्रवाल को मैदान में उतरने का मौका मिला है।

Advertisement

इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान टिम पेन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। 

यूएई में आयोजित आईपीएल-13 के बाद नेट बॉलर्स के रूप में ऑस्ट्रेलिया लाए गए सुंदर और नटराजन के लिए यह अजीब संयोग है। किस्मत के भरोसे नटराजन सीमित ओवरों की सीरीज में भी खेलने में सफल रहे और अब भारत के 300वें टेस्ट खिलाड़ी के तौर पर डेब्यू कर रहे हैं।

बुमराह के पेट की मांसपेशियों में खिंचाव है। उन्हें लेकर संदेह की स्थिति थी और इसी कारण भारतीय टीम प्रबंधन ने इस मैच के प्लेइंग-11 की घोषणा के लिए आज तक का समय लिया।

अश्विन और विहारी सिडनी में भारत को ऐतिहासिक बराबरी दिलाने के दौरान चोटिल हो गए थे। जडेजा को सिडनी टेस्ट की पहली पारी के दौरान बल्लेबाजी करते हुए हाथ में चोट लगी थी।

 
Advertisement

सुंदर और शार्दूल सीमित ओवर की सीरीज में खेले थे। जहां तक अग्रवाल की बात है तो वह मेलबर्न और एडिलेड टेस्ट में खेले थे लेकिन बल्ले से निराश किया था। अब हालांकि वह बल्लेबाजी क्रम में पांचवें स्थान पर हैं।

इस सीरीज के आंकड़ों पर गौर करें तो वे काफी चौंकाने वाले हैं। भारत ने इस सीरीज में अब तक 19 खिलाड़ियों को आजमाया है। 1961-62 सत्र के बाद यह सबसे बड़ी संख्या है।

विदेशी धरती पर खेलते हुए भारत ने अधिकतम 17 खिलाड़ियों का उपयोग किया है।

Advertisement

टीमें :

ऑस्ट्रेलियाई टीम : टिम पेन (कप्तान-विकेटकीपर), डेविड वॉर्नर, मार्कस हैरिस, मार्नस लाबुशैन, स्टीव स्मिथ, मैथ्यू वेड, कैमरून ग्रीन, पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, नाथन लॉयन, जोश हेजलवुड।

भारतीय टीम : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रोहित शर्मा (उप-कप्तान), मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, शुभमन गिल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नवदीप सैनी, वॉशिंग्टन सुंदर, मोहम्मद सिराज, शार्दूल ठाकुर, टी.नटराजन।
 

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार