India Probable XI Vs ZIM: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के सुपर-8 राउंड का 8वां मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले के लिए टीम इंडिया अपनी प्लेइंग इलेवन में कुछ बड़े बदलाव कर सकती है।
अक्षर पटेल की होगी वापसी: टीम इंडिया के वाइस कैप्टन अक्षर पटेल जिन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 के मुकाबले के लिए कॉम्बिनेशन के कारण XI में नहीं चुना गया था, उनकी प्लेइंग कॉम्बिनेशन में वापसी तय है। ये 32 साल का हरफनमौला खिलाड़ी अपनी बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग तीनों से ही मैच पलटने की क्षमता रखता है। वो देश के लिए अब तक 90 टी20 मैचों में 92 विकेट चटका चुके हैं और इसी बीच उन्होंने 56 पारियों में बैटिंग करके 700 रन भी बनाए।
रिंकू, सुंदर और संजू में से एक को मिलेगा मौका: भारतीय टीम के विस्फोटक ऑलराउंडर रिंकू सिंह बिल्कुल भी फॉर्म में नहीं हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहम मुकाबले में जब टीम इंडिया मुश्किल में थी तब वो सिर्फ 2 गेंद ही मैदान पर टिक पाए और बिना खाता खोल आउट हुए। रिंकू टूर्नामेंट में अब तक 5 मैचों में 29 बॉल खेलकर सिर्फ 24 रन ही जोड़ पाए हैं।
ऐसे में अब रिंकू की जगह भारतीय XI में हरफनमौला खिलाड़ी वाशिंगटन सुंदर या विकेटकीपर बैटर संजू सैमसन को जगह मिल सकती हैं। 26 साल के वाशिंगटन सुंदर ने भारत के लिए 60 टी20 मैचों में 51 विकेट चटकाए हैं और 265 रन बनाए हैं। बताते चलें कि उन्होंने टीम इंडिया का पिछला मुकाबला खेला था। दूसरी तरफ संजू के नाम 58 टी20 मैचों में 1100 रन दर्ज हैं। वो टीम के लिए विकेटकीपिंग की भी जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), वाशिंगटन सुंदर/रिंकू सिंह/संजू सैमसन, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारतीय टीम का पूरा स्क्वाड: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अभिषेक शर्मा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर।