पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में पेशावर ज़ल्मी के कप्तान बाबर आज़म बल्ले से बेशक बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं लेकिन वो इसके बावजूद किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में आ ही जाते हैं और इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ है। इस समय सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि बाबर आजम पत्रकार से चिढ़ गए।
इस पत्रकार ने विराट कोहली की तरह मैच फ़िनिश करने की बाबर की काबिलियत पर सवाल उठाया जिसके बाद बाबर की नाराजगी देखने को मिली। ये बातचीत ज़ल्मी की हैदराबाद किंग्समेन पर आखिरी गेंद पर मिली रोमांचक जीत के बाद हुई मैच के बाद की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुई। बाबर ने 146 रनों का पीछा करते हुए 37 गेंदों में 43 रन बनाकर एक ठोस पारी खेली थी, लेकिन उन्होंने खुद मैच फ़िनिश नहीं किया।
मैच के बाद एक रिपोर्टर ने कोहली से उनकी तुलना करते हुए उनसे सवाल किया और ये इशारा किया कि कोहली अक्सर मैच फ़िनिश करते हैं, जबकि बाबर ऐसा नहीं करते। इस सवाल से ज़ाहिर तौर पर बाबर को ठेस पहुंची और उन्होंने पत्रकार से कहा कि वो ऐसी तुलनाएं करना छोड़ दें और आगे बढ़ें। बाबर ने कहा, "आप यहीं पर ये बात खत्म कर दें, जिस तरह का सवाल आप कर रहे हैं।"
Also Read: LIVE Cricket Score
बता दें कि बाबर के लिए पिछला कुछ समय किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। खासकर टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में उनके खराब प्रदर्शन के बाद तो उनके आलोचकों की गिनती और भी बढ़ गई। यहां तक कि उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ वनडे टीम से भी बाहर कर दिया गया। हालांकि, अब ये देखना दिलचस्प होगा कि बाबर आजम मौजूदा पीएसएल सीजन में कैसा प्रदर्शन करते हैं।