Salil Arora Viral Video: गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) की टीम ने बीते मंगलवार, 12 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 168 रन डिफेंड करके सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) को 82 रनों से मात दी। गौरतलब है कि इस मुकाबले में GT के तेज गेंदबाज़ों ने जमकर कहर बरपाया, लेकिन इसी बीच एक ऐसी घटना भी घटी जब SRH के बल्लेबाज़ सलिल अरोड़ा (Salil Arora) को किस्मत का ऐसा साथ मिला कि वो विकेट पर बॉल लगने के बावजूद आउट होने से बच गए।
दरअसल, ये पूरी घटना SRH की इनिंग के 8वें ओवर में घटी। गुजरात टाइटंस के लिए ये ओवर तेज गेंदबाज़ कगिसो रबाडा करने आए थे जिन्होंने अपनी चौथी गेंद पिच पर जोर से पटककर इनस्विंग डिलीवर फेंकी। यहां 23 साल के सलिल अरोड़ा गेंद को हल्के हाथ से खेलना चाहते थे, लेकिन वो अपनी इसी कोशिश में बॉल को मिस जज कर बैठे।
इसके बाद होना क्या था, कगिसो रबाडा के हाथ से निकली बॉल सलिल अरोड़ा के बैट के ऐज से टकराई और फिर जमीन पर लगकर धीमे-धीमे घूमते हुए स्टंप्स पर जा लगी। ये पूरा नज़ारा देखते समय सभी को लगा था कि सलिल अरोड़ा को अब वापस पवेलियन लौटना पड़ेगा, लेकिन यहां उन्हें किस्मत का ऐसा साथ मिला कि बॉल विकेट पर लगने के बावजूद उसके ऊपर रखे बेल्स जमीन पर ही नहीं गिरे। IPL ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।
बताते चलें कि इस घटना के बाद भी सलिल अरोड़ा गुजरात टाइटंस के सामने अपनी बैटिंग से कुछ खास नहीं कर पाए और आखिर में 13 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट 10वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने झटका जिसकी गेंद पर वो विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच आउट हुए।
ऐसा रहा मैच का हाल: IPL 2026 के 56वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने साईं सुदर्शन (44 गेंदों पर 61 रन) और वाशिंगटन सुंदर (33 गेंदों पर 50 रन) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 168 रन बनाए थे जिसके जवाब में सनराइजर्स की टीम 14.5 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 86 रन बनाकर ऑल आउट हुई।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह गुजरात ने ये मुकाबला 82 रनों से जीता और पॉइंट्स टेबल पर पहला पायदान हासिल कर लिया। उनके नाम 12 मैचों में 8 जीत और 16 अंक दर्ज हैं। GT के अलावा टॉप-4 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (11 मैचों में 14 अंक), सनराइजर्स हैदराबाद (12 मैचों में 14 अंक) और पंजाब किंग्स (11 मैचों में 13 अंक) की टीम मौजूद है।