Bangladesh vs Zimbabwe T20I Series: जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20I सीरीज के लिए बांग्लादेश ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। नियमित कप्तान लिटन दास की गैरमौजूदगी में तौहीद हृदय ही इस सीरीज में भी टीम की कमान संभालेंगे।
जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में पारी और 85 रन से मिली करारी हार के बाद अब बांग्लादेश की नजरें वनडे और टी20I सीरीज पर हैं। दोनों टीमों के बीच 6 जुलाई से 11 जुलाई तक तीन मैचों की वनडे सीरीज और फिर इसके बाद 15 से 19 जुलाई तक तीन ही मैचों की टी20I सीरीज खेली जाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बुधवार (1 जुलाई) को तीन मैचों की टी20I सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज में भी टीम की कप्तानी तौहीद हृदय ही करेंगे।
नियमित टी20 कप्तान लिटन दास इस सीरीज में उपलब्ध नहीं रहेंगे। वह श्रीलंका में खेली जाने वाली लंका प्रीमियर लीग (LPL 2026) में गाले टाइटन्स की टीम के लिए खेलने वाले हैं और इसी वजह से बांग्लादेश ने तौहीद हृदय को टीम की कमान सौंपी है। यह विदेश में कप्तान के रूप में उनकी पहली टी20 सीरीज होगी।
हालांकि तौहीद हृदय हाल ही में घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में भी टीम की कप्तानी कर चुके हैं। उस सीरीज में बांग्लादेश को 3-0 से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार हृदय बेहतर प्रदर्शन कर अपनी कप्तानी का नया अध्याय शुरू करना चाहेंगे।
जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की टी20I सीरीज 15 जुलाई से शुरू होगी। पहला मुकाबला 15 जुलाई, दूसरा 17 जुलाई और तीसरा 19 जुलाई को बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा।
Also Read: LIVE Cricket Score
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20I सीरीज के लिए बांग्लादेश की टीम:
तौहीद हृदय (कप्तान), परवेज हुसैन इमोन, तंजीद हसन, मोहम्मद सैफ हसन, मोसद्देक हुसैन सैकत, यासिर अली चौधरी, काजी नुरुल हसन सोहन, महेदी हसन, नासुम अहमद, रिशाद हुसैन, शरीफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, नाहिद राणा, मोहम्मद शैफ उद्दीन और अब्दुल गफ्फार साकलैन।